अपराध

मुंगेर में प्रशिक्षु महिला पुलिसकर्मियों के भोजन मद में गबन का आरोप

R
Rajesh Kumar Singh
2 मिनट पढ़ें 112 पठन
मुंगेर में प्रशिक्षु महिला पुलिसकर्मियों के भोजन मद में गबन का आरोप

घर एवं मोबाइल बंद कर फरार हो गए हैं आरोपित व्यक्ति

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जमालपुर थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी


जमालपुर (मुंगेर) (दैनिक नवसंदेश)। बीएसएपी-9 जमालपुर में प्रशिक्षु महिला पुलिसकर्मियों के भोजन मद में लाखों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। इस संबंध में जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड, कल्याणपुर की अध्यक्ष फूल कुमारी ने पुलिस अधीक्षक मुंगेर को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। 


जीविका से संबद्ध संस्था के माध्यम से की गई थी भोजन की व्यवस्था


जमालपुर थाना में दर्ज हुए प्राथमिक में फूल कुमारी ने बताया गया है कि वर्ष 2025 में बीएसएपी-9 जमालपुर में महिला प्रशिक्षुओं के भोजन की व्यवस्था जीविका से संबद्ध संस्था के माध्यम से की गई थी। भोजन वितरण एवं प्रबंधन की जिम्मेदारी अमन कुमार को सौंपी गई थी। आरोप है कि प्रशिक्षुओं के भोजन मद की राशि बैंक खाते में प्राप्त होने के बावजूद उसके खर्च का पूरा एवं स्पष्ट हिसाब नहीं दिया गया।


बैंक खाते में प्राप्त हुए 40 लाख रुपये, खर्च दिखाया गया सिर्फ 25 लाख


 शिकायतकर्ता के अनुसार बैंक खाते में लगभग 40.67 लाख रुपये की राशि प्राप्त हुई थी, जबकि करीब 25.50 लाख रुपये ही खर्च दर्शाया गया। शेष राशि के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। आरोप लगाया गया है कि लाखों रुपये का गबन कर राशि का दुरुपयोग किया गया। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित व्यक्ति वर्तमान में अपने घर से फरार है तथा उसका मोबाइल फोन भी बंद है। 


थानेदार बोले- वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी 


शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि वह जांच और कानूनी कार्रवाई से बचने का प्रयास कर रहा है। फूल कुमारी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की गहन जांच कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के साथ बैंक खाते और वित्तीय लेन-देन से संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है। इधर पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद जमालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही है।

-----------------

साझा करें:

अगला पढ़ें

Read Next

सभी देखें →

टिप्पणियाँ

टिप्पणी मॉडरेशन के बाद प्रकाशित होगी।