कमिश्नर ऑफिस के पेशकार को 1.70 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोचा
R
Rajesh Kumar Singh
मुंगेर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई
प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में निगरानी की दबिश से अफसरों व कर्मचारियों में मचा हड़कंप
मुंगेर (एनएसबी) । निगरानी विभाग की टीम ने प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय मुंगेर में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रमण्डलीय आयुक्त के कोर्ट के पेशकार मुकेश कुमार को 1 लाख 70 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से आयुक्त कार्यालय में कार्यरत था और एक केस में पक्षकार से काम कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।
प्रमंडल अंतर्गत बेगूसराय में फर्जी कागजात के जरिए सरकारी जमीन बेचने की हो रही थी कोशिश
मामला बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल क्षेत्र से जुड़ा है, जहां काजी हाउस की सरकारी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि स्थानीय व्यक्ति द्वारा फर्जी कागजात के जरिए जमीन बेचने की कोशिश की जा रही थी। इस मामले में समाजसेवी नंद किशोर प्रसाद सुमन ने शिकायत दर्ज कराई थी।
सरकारी जमीन को भू-माफियाओं के हाथों से बचाने के एवज में मांगी थी 5 लाख रुपये की रिश्वत
जब मामला आयुक्त कार्यालय पहुंचा, तो पेशकार मुकेश कुमार ने सरकारी जमीन को बचाने के एवज में 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने पहले ही 3 लाख रुपये दे दिए थे और बाद में इसकी सूचना पटना निगरानी विभाग को दी। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही मुकेश कुमार 1 लाख 70 हजार रुपये ले रहा था, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई के बाद सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है और निगरानी विभाग आगे की कार्रवाई में जुट गया है।
इस मामले में डीएसपी निगरानी विभाग पटना पवन कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम गठित कर कार्रवाई की गई और मुंगेर पहुंच आयुक्त कार्यालय से आरोपी को 1 लाख 70 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
अगला पढ़ें
Read Next
ट्राइबर कार से 120 बोतल किंगफिशर शराब बरामद, दो गिरफ्तार
Rajesh Kumar Singh · 6 अग॰
मुंगेर में प्रशिक्षु महिला पुलिसकर्मियों के भोजन मद में गबन का आरोप
Rajesh Kumar Singh · 24 जून
मुजफ्फरपुर में पुलिस एनकाउंटर में वैशाली का शातिर अपराधी अमित सिंह घायल
Rajesh Kumar Singh · 17 जून
फोरलेन पर लूटपाट करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 15 मोबाइल बरामद
Rajesh Kumar Singh · 14 जून