बाढ़ (दैनिक नवसंदेश)। फोरलेन सड़क पर सुबह-सुबह राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का बाढ़ थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के 15 मोबाइल फोन, एक कार तथा एक बाइक बरामद की है।
एसडीपीओ रामकृष्ण ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अपराधी सफेद रंग की कार का इस्तेमाल कर सुनसान स्थानों पर राहगीरों और यात्रियों को अपना शिकार बनाते थे। गिरोह के सदस्य विशेष रूप से सुबह के समय फोरलेन मार्ग पर सक्रिय रहते थे और मौका मिलते ही लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
पुलिस को लगातार मिल रही शिकायतों और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपितों ने कई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध भदौर, मोकामा तथा बाढ़ थाना क्षेत्रों में लूट एवं अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामद मोबाइल फोन हाल के दिनों में हुई विभिन्न लूट की घटनाओं से संबंधित बताए जा रहे हैं। पुलिस बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी है।
गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा उनके नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद फोरलेन मार्ग पर लगातार हो रही लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस की इस सफलता को क्षेत्रवासियों ने सराहनीय कदम बताया है।
टिप्पणियाँ (0)