प्रदेश

गुप्ता धाम जाने के दौरान नहर में गिरी बाइक, बाप-बेटी लापता

R
Rajesh Kumar Singh
2 मिनट पढ़ें 59 पठन
गुप्ता धाम जाने के दौरान नहर में गिरी बाइक, बाप-बेटी लापता
नहर में शव की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम व उपस्थित लोग।
रोहतास जिले के बिक्रमगंज में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार बाप बेटी नहर में गिर गए। वे गुप्ता धाम जा रहे थे।

बिक्रमगंज । संझौली थाना क्षेत्र के तिलई गांव निवासी पिता-पुत्री रविवार को गुप्ता धाम जाने के दौरान हादसे का शिकार हो गए । रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी । हादसे के बाद दोनों के नहर के गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है । घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू कर दी गई।

बताया जाता है कि तिलई गांव निवासी जनेश्वर धोबी के पुत्र राम प्रकाश राम,जो असम राइफल्स में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे,अपनी करीब 17 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी के साथ बाइक से गुप्ता धाम के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नहर में जा गिरे।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई । घटना की जानकारी मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रभा कुमारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी । वहीं थानाध्यक्ष पूनम कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लेते हुए बचाव एवं तलाशी अभियान की जानकारी ली । डायल 112 की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने लगी।

नहर में पानी अधिक और गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों की तलाश में परेशानी हो रही है । स्थानीय गोताखोरों को नहर में उतारकर काफी देर तक खोजबीन कराई गई । प्रशासन की ओर से एसडीआरएफ टीम की मदद से तलाशी अभियान को और तेज करने की तैयारी की जा रही है । हादसे की खबर तिलई गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल की ओर पहुंच गए । सभी की नजरें नहर में चल रहे तलाशी अभियान पर टिकी हैं । परिजन पिता-पुत्री के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए है । समाचार लिखे जाने तक लापता हुए पिता पुत्री को बरामद नहीं किया गया । पुलिस प्रशासन की निगरानी में बचाव एवं खोज अभियान जारी है ।

साझा करें:

अगला पढ़ें

Read Next

सभी देखें →

टिप्पणियाँ

टिप्पणी मॉडरेशन के बाद प्रकाशित होगी।